चाईबासा/ Jayant Pramanik सदर अस्पताल में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब रांची से स्वास्थ्य विभाग की छह सदस्यीय टीम एचआईवी संक्रमण के मामले की जांच के लिए पहुंची. एक ही परिवार के तीन सदस्यों के एचआईवी पॉजिटिव पाए जाने के बाद जांच टीम अस्पताल पहुंची थी. हालांकि जांच के बाद जब पत्रकारों ने सवाल पूछे, तो अधिकारी कैमरे से बचते हुए मुंह छिपाकर निकलते नजर आए.

दरअसल चाईबासा सदर अस्पताल का ब्लड बैंक एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गया है. एक ही परिवार के तीन सदस्यों के एचआईवी पॉजिटिव पाए जाने के बाद परिजनों ने आरोप लगाया है कि अस्पताल के ब्लड बैंक से संक्रमित खून चढ़ाया गया था.

मामले की गंभीरता को देखते हुए बुधवार की शाम रांची से स्वास्थ्य विभाग की छह सदस्यीय जांच टीम चाईबासा सदर अस्पताल पहुंची. टीम ने मौके पर सिविल सर्जन सहित संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली. इसके साथ ही ब्लड बैंक से जुड़े दस्तावेजों और फाइलों की गहन जांच की गई.
जांच के बाद जब टीम अस्पताल परिसर से बाहर निकली, तो पत्रकारों के सवालों से बचते हुए अधिकारी मीडिया से बात किए बिना ही निकल गए. अधिकारियों के इस रवैये से कई सवाल खड़े हो रहे हैं.
इस मामले पर सिविल सर्जन डॉ. भारती मिंज ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

