चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा प्रखंड स्थित सारूड़ा में बिरसा मुंडा पब्लिक स्कूल के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन 26 नवंबर को मंत्री दीपक बिरुवा करेंगे. इस कार्यक्रम में बतौर विशिष्ट अतिथि सिंहभूम की सांसद जोबा माझी, मनोहरपुर के विधायक जगत माझी, चक्रधरपुर के विधायक सुखराम उरांव और टाटा स्टील फाउंडेशन के सीईओ सौरभ रॉय भी शामिल होंगे.

विद्यालय संचालन समिति के अध्यक्ष बिरसा मुंडा ने बताया कि नया भवन स्कूल के छात्रों के लिए आधुनिक कक्षाएं, प्रयोगशाला और लाइब्रेरी जैसी सुविधाओं से लैस है. उन्होंने कहा कि यह भवन छात्रों को बेहतर शिक्षा और सीखने का वातावरण प्रदान करेगा. समारोह में स्थानीय प्रशासन और समाज के गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहेंगे.
विद्यालय के अन्य सदस्यों ने मंत्री और अतिथियों से मिलकर कार्यक्रम में भाग लेने का आमंत्रण पत्र सौंपा और उन्होंने इस अवसर को बच्चों और समाज के लिए एक महत्वपूर्ण दिन बताया. आयोजन में सांस्कृतिक कार्यक्रम और स्कूल की उपलब्धियों का प्रदर्शन भी होगा, जिससे उपस्थित अतिथियों को विद्यालय की प्रगति का प्रत्यक्ष अनुभव होगा.

