चाईबासा/Jayant Pramanik

जिले के सोनुआ प्रखंड के बिनका स्कूल मैदान में नव युवक संघ कमेटी बिनका द्वारा आयोजित दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का समापन रविवार को हर्षोल्लास के साथ हुआ. इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में अमित महतो और विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी नेत्री जसमती हेंब्रम उपस्थित रहीं.
शनिवार को विभिन्न स्पर्धाओं के लिए खिलाड़ियों का चयन किया गया था, जिसके बाद रविवार को फाइनल मुकाबले खेले गए. प्रतियोगिता के समापन पर मुख्य अतिथियों ने विजेता और उपविजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया.
साइकिल रेस स्पर्धा में प्रथम स्थान प्राप्त खिलाड़ी को 10,000 रुपये और द्वितीय स्थान प्राप्त खिलाड़ी को 8,000 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया.
समाजसेवी अमित महतो ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल को हमेशा खेल भावना के साथ खेलना चाहिए. उन्होंने युवाओं से अपनी क्षेत्रीय भाषाओं के संरक्षण और संवर्धन की भी अपील की.
इस अवसर पर डॉ. गजेंद्र नायक, बासुदेव महतो, मनोज कुमार महतो, डोमन चंद्र महतो, अली महतो, बंधन महतो, उपमुखिया गणेश बोदरा, उदय सिंह पूर्ति, सुमित कुमार महतो, गुरुचरण महतो, राजू नायक, सुमित महतो सहित नव युवक संघ कमेटी के सभी सदस्य और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे.

