चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के चक्रधरपुर अनुमंडल में झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) रांची एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डलसा) पश्चिम सिंहभूम, चाईबासा के निर्देश पर सोमवार को नशा मुक्ति अभियान के तहत भव्य जागरूकता रैली निकाली गई. रैली का नेतृत्व और अध्यक्षता अंचल अधिकारी सुरेश कुमार सिंह ने की.

जागरूकता रैली की शुरुआत प्रखंड कार्यालय चक्रधरपुर से हुई, जो मुख्य मार्ग से होते हुए भगत सिंह चौक तक पहुंची. इस दौरान रैली में शामिल लोगों ने हाथों में तख्तियां लेकर “नशे को कहें ना, जिंदगी को कहें हां” जैसे प्रेरक नारों के माध्यम से आम लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया.

इस अवसर पर अंचल अधिकारी सुरेश कुमार सिंह ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को बर्बाद करता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज के पतन का कारण बनता है. उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने की अपील की.
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण की शपथ ली और इस जागरूकता अभियान को जन- जन तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया.
रैली में प्रखंड कार्यालय के कर्मी, आंगनबाड़ी सेविकाएं, जेएसएलपीएस की महिलाएं तथा अनुमंडल स्तरीय अर्ध विधिक स्वयंसेवक (पीएलवी) शामिल रहे. अभियान को सफल बनाने में अर्ध विधिक स्वयंसेवक श्वेता रवानी, राजशेखर रवानी, अरुप प्रधान, श्रीकांत प्रधान, राहुल प्रधान, मनोज खंडाईंत, राज मुनि गगराई, कर्ण कुंभकार, मदन सिंह गुंडा, मंजू जामुदा, जननी प्रधान, उधाहरण प्रधान, मदन नायक, कमला महतो और अनिता गिलुवा की सक्रिय भूमिका रही.

