चाईबासा/ Jayant Pramanik झारखंड राज्य निर्वाचन आयोग ने नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है. इसके तहत 23 फरवरी को मतदान होगा और 27 फरवरी को मतगणना कराई जाएगी. इधर पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा और चक्रधरपुर नगर परिषद चुनाव कार्यक्रम की जानकारी जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त चंदन कुमार ने पत्रकारों को दी.

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि 28 जनवरी को निर्वाचन की औपचारिक सूचना प्रकाशित की जाएगी. 29 जनवरी से 4 फरवरी तक पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे. 5 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 6 फरवरी को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. 7 फरवरी को प्रत्याशियों के बीच चुनाव चिन्ह का आवंटन कर दिया जाएगा.
उन्होंने बताया कि 23 फरवरी को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा. वहीं 27 फरवरी को सुबह 8 बजे से मतगणना का कार्य प्रारंभ होगा. गौरतलब है कि चाईबासा नगर परिषद क्षेत्र में कुल 21 वार्ड हैं, जहां 38 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. यहां कुल 36,344 मतदाता हैं, जिनमें 18,157 पुरुष और 18,187 महिला मतदाता शामिल हैं.
इसी तरह चक्रधरपुर नगर परिषद क्षेत्र में 23 वार्ड हैं और 49 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. यहां कुल 45,265 मतदाता हैं, जिनमें 22,205 पुरुष, 23,054 महिला और 6 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं. प्रशासन ने चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की तैयारी पूरी कर लेने का दावा किया है.

