चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ- गुदड़ी मुख्य सड़क पर मंगलवार की शाम करीब 4:30 बजे लोढ़ाई विरोहढ़ कॉलोनी के पास एक ट्रैक्टर बकरी को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया. इस हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

घायलों में सिरका निवासी 55 वर्षीय लालू कमरगांव, 60 वर्षीय बुधवा बुरूबराई, 45 वर्षीय सोमा बुरूबराई और 60 वर्षीय मोहन चंपिया शामिल हैं. हादसे के तुरंत बाद झामुमो के गुदड़ी प्रखंड कोषाध्यक्ष सीमन सुरीन और समाजसेवी कुशल मुंडा ने मौके पर पहुंचकर निजी वाहन से सभी घायलों को सोनुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया.
प्राथमिक इलाज के बाद लालू कमरगांव और बुधवा बुरूबराई को गंभीर चोटों के चलते चाईबासा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. लालू कमरगांव का पैर टूट गया है, जबकि बुधवा बुरूबराई को हाथ में गंभीर चोट आई है. वहीं, सोमा बुरूबराई और मोहन चंपिया को सोनुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है. घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर पर हल लदा हुआ था और वह सीमेंट लेकर सिरका की ओर जा रहा था. इसी दौरान लोढ़ाई विरोहढ़ कॉलोनी के पास एक बकरी अचानक सड़क पर आ गई, जिससे चालक ने उसे बचाने की कोशिश की. इसी प्रयास में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा, जिससे चार लोग घायल हो गए.

