नई दिल्ली: कैट (कॉन्फेडरेशन ऑफ़ ऑल इंडिया ट्रेडर्स) के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल के नेतृत्व में सोमवार को संसद में व्यापारियों के लिए एक विशेष दौरे का आयोजन किया गया. इस अवसर पर देशभर से आए करीब 150 प्रमुख व्यापारी नेताओं ने नए और पुराने संसद भवन का भ्रमण किया और संसद सत्र का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त किया.

कार्यक्रम का सबसे अहम क्षण तब आया जब लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने संसद परिसर स्थित अपने मीटिंग कक्ष में कैट व्यापारियों को संबोधित किया.
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि कैट व्यापारियों का एक राष्ट्रीय संगठन है, जो देशभर के व्यापारियों के हितों के लिए कार्य करता है. उन्होंने कहा कि व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं. वे न केवल रोजगार पैदा करते हैं बल्कि आर्थिक मजबूती में भी अहम भूमिका निभाते हैं.
ओम बिड़ला ने व्यापारियों से आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया. उन्होंने प्रधानमंत्री के संदेश को दोहराते हुए कहा कि अब समय है कि व्यापारी स्वदेशी सामान को प्राथमिकता दें और देशहित में स्वदेशी को अपनाएं.
लोकसभा अध्यक्ष ने यह भी आश्वासन दिया कि यदि व्यापार से जुड़े मुद्दे उनके संज्ञान में लाए जाते हैं, तो वे उन्हें संसद में चर्चा के लिए लाने का प्रयास करेंगे.
इस मौके पर कैट के राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री सुरेश सोंथालिया ने कहा कि देश के व्यापारी प्रधानमंत्री के ‘भारतीय सामान खरीदो और बेचो’ अभियान के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं.
उन्होंने बताया कि 10 अगस्त से देशभर में स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए एक राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत की जाएगी. यह अभियान आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.
कैट के चेयरमैन बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यह आयोजन व्यापारियों के लिए एक ऐतिहासिक क्षण रहा. पहली बार व्यापारियों को इस प्रकार का विशेष सम्मान और लोकसभा अध्यक्ष से सीधे संवाद का अवसर मिला. झारखंड से इस कार्यक्रम में किशोर गोलछा, बिट्ठल अग्रवाल और ब्रजेश कुमार विशेष रूप से शामिल हुए.

