बुंडू: अनुमंडल के पांच परगना क्षेत्र के प्रतिष्ठित साउथ प्वाइंट पब्लिक स्कूल, बुंडू की तीन छात्राएं भूमिका महतो, रिमी राजकुमारी और काव्या प्रजापति ईस्ट जोन अस्मिता योगासन जोनल प्रतियोगिता 2025- 26 में भाग लेने के लिए उड़ीसा रवाना हो गई हैं.

तीनों छात्राओं ने अपने उत्कृष्ट योग प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में स्थान बनाकर विद्यालय और पूरे पांच परगना क्षेत्र का नाम रोशन किया है. उनकी इस उपलब्धि से स्कूल परिसर में गर्व और उत्साह का माहौल है.
विद्यालय के प्राचार्य सुभाष कुमार पाटनी ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भूमिका, रिमी और काव्या का योग कौशल उच्च स्तर का है और यह उपलब्धि उनके अनुशासन, निरंतर अभ्यास और समर्पण का परिणाम है. उन्होंने विश्वास जताया कि ये बेटियाँ राष्ट्रीय मंच पर भी शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र को गौरवान्वित करेंगी.
बिहार झारखंड के दस शहरों की दस बड़ी खबरों को देखने के लिए नीचे दिए लिंक को क्लिक करें और देखें टॉप-10 फटाफट 👇
योग शिक्षक बबलू महतो ने कहा कि तीनों छात्राओं ने लगातार विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा साबित की है और राष्ट्रीय स्तर पर भी उनसे उत्कृष्ट परिणाम की उम्मीद है.
पांच परगना क्षेत्र के बुद्धिजीवियों और योग प्रेमियों ने भी साउथ प्वाइंट पब्लिक स्कूल के प्रयासों की सराहना करते हुए छात्राओं को राष्ट्रीय योगासन प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं.

