रांची: जिले के बुंडू थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. जहां रांची- जमशेदपुर नेशनल हाइवे पर दशम फॉल थाना क्षेत्र के नवाडीह गांव के पास तेज रफ्तार हाइवा सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराया, जिसमें हाइवा चालक की मौके पर ही मौत हो गई. यह हादसा सुबह करीब साढ़े तीन बजे हुआ.

बताया जा रहा है कि रांची की ओर से बुंडू आ रहा खाली हाइवा अचानक सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में पीछे से घुस गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाइवा का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक बुधन लाल उरांव केबिन में बुरी तरह फंस गया. हादसे की सूचना मिलते ही दशम फॉल थाना पुलिस मौके पर पहुंची. चालक के शव को बाहर निकालने के लिए क्रेन मंगवाई गई. कई घंटों की मशक्कत के बाद शव को वाहन से बाहर निकाला जा सका.
जानकारी के अनुसार मुलतानी मिट्टी लादकर ओडिशा जा रहा ट्रेलर नवाडीह गांव के पास ब्रेकडाउन हो गया था. ट्रेलर चालक जितेंद्र भाई वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर आग ताप रहा था, तभी पीछे से आ रही हाइवा उससे टकरा गई.
हादसे के बाद हाईवे के एक हिस्से में लंबा जाम लग गया. हालांकि सड़क चार लेन की होने के कारण दूसरे लेन से वाहनों का परिचालन कराया गया, जिससे यातायात आंशिक रूप से बहाल रहा. फिलहाल पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं पूरे मामले की जांच की जा रही है.

