जमशेदपुर: ब्रम्हर्षि विकास मंच की ओर से रविवार को विजया मिलन सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. इस अवसर पर समाज की ओर से नेताजी सुभाष समूह के संस्थापक और नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ की गई.

समारोह में समाज की प्रगति और उत्थान में समाज के पुरोधाओं द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर विस्तार से चर्चा की गई. वक्ताओं ने शिक्षा के क्षेत्र में मदन मोहन सिंह द्वारा किए गए उल्लेखनीय योगदान की सराहना की और उन्हें समाज का गौरव बताया. कहा गया कि झारखंड और बिहार के शिक्षा जगत में मदन मोहन सिंह ने जो मील का पत्थर स्थापित किया है, उसकी कोई सानी नहीं है. समाज के अन्य लोगों से भी इस दिशा में आगे आने की अपील की गई.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंच के केंद्रीय अध्यक्ष विकास सिंह ने कहा कि समाज शिक्षा के क्षेत्र में अभी भी पिछड़ा हुआ है. मदन मोहन सिंह जैसे लोग जब आगे आते हैं, तो समाज को नई दिशा मिलती है. उन्होंने मदन मोहन सिंह से समाज के युवाओं को शिक्षित करने में सहयोग का अनुरोध किया. साथ ही समाज की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए एकजुटता का आह्वान किया.
सम्मान ग्रहण करते हुए मदन मोहन सिंह ने समाज के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि उनका पूरा जीवन समाज के हर तबके को शिक्षित करने के लिए समर्पित है. उनके संस्थान में निर्धन वर्ग के छात्रों को शिक्षा में विशेष रियायत दी जाती है और मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भी सामाजिक वर्गों को सहयोग प्रदान किया जाता है. उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य हर वर्ष एक इंजीनियरिंग कॉलेज की स्थापना करना है और शीघ्र ही रांची में इंजीनियरिंग एवं मेडिकल कॉलेज की शुरुआत की जाएगी.

कार्यक्रम में ब्रम्हर्षि विकास मंच सरायकेला-खरसावां जिला के अध्यक्ष कर्नल आर.पी. सिंह, संस्थापक महासचिव राजकिशोर सिंह, सेवानिवृत्त डीएसपी आर.एन. सिंह, उपाध्यक्ष दीपू सिंह, महासचिव अनिल ठाकुर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. कार्यक्रम का संचालन अनीता शर्मा ने किया.

