बोकारो: जिले के पिंडराजोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-32 चास-पुरुलिया रोड पर जेल मोड़ के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. जहां बाइक सवार पति- पत्नी को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी. हादसे में पति की मौके पर मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चास की ओर से पुरुलिया जा रहे बाइक सवार कृष्ण कुमार महतो और उनकी पत्नी को जेल मोड़ के पास ट्रक ने टक्कर मारी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक ट्रक के अगले चक्के में फंस गई और चालक बाइक सवार को लगभग 300 मीटर तक घसीटते हुए ले गया. इसके बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया.
स्थानीय ग्रामीणों और राजगीरों ने घायल दंपति को पास के निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने कृष्ण कुमार महतो को मृत घोषित कर दिया. उनकी पत्नी की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है.
घटना की सूचना मिलते ही पिंडराजोरा पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर थाने ले आई. पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है. हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है.

