बोकारो: जिले के बेरमो प्रखंड अंतर्गत बोकारो थर्मल में मजदूरों के सवाल को लेकर शनिवार को सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का कार्य पूरी तरह ठप कर दिया गया. गोविंदपुर सी पंचायत के मुखिया सह कांग्रेस नेता विकास सिंह उर्फ बबलू सिंह के नेतृत्व में स्थानीय लोगों और मजदूरों ने कार्य बंद कराया.

आरोप है कि सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में सुरक्षा गार्ड के रूप में तैनात अशोक पासवान की ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई थी. आनन- फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें पैरालिसिस हो गया. घटना की सूचना कंपनी को दी गई, लेकिन पीड़ित कर्मी को कंपनी की ओर से किसी प्रकार का सहयोग नहीं मिला.
इस संबंध में स्थानीय मुखिया द्वारा कंपनी और डीवीसी अधिकारियों से मौखिक बातचीत भी की गई, लेकिन समस्या का कोई समाधान नहीं निकल सका. इसके बाद आक्रोशित लोगों ने कार्य को पूरी तरह बंद करा दिया.
कंपनी के अधीन कार्यरत मजदूरों का आरोप है कि उन्हें न तो सही मेहनताना दिया जाता है और न ही किसी तरह की मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराई जाती है. मजदूरों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद कंपनी प्रबंधन उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं देता.
बताया गया है कि गुजरात की कंपनी भरत भाई पटेल लगभग 28 करोड़ रुपये की लागत से बोकारो थर्मल कॉलोनी में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण करा रही है. मजदूरों के समर्थन में आंदोलन के दौरान निर्माण स्थल पर ताला जड़ दिया गया, जिससे काम पूरी तरह ठप हो गया है.

