बोकारो: जिले के चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अलकुशा मोड़ के पास 18 जुलाई को धोखाधड़ी और लूट की बड़ी घटना सामने आई थी. रांची निवासी अभय आनंद की शिकायत पर चास थाना में कांड संख्या 101/25 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की.

पीड़ित अभय आनंद और उनके साथियों को 65 लाख रुपये RTGS के जरिए भेजने पर 1.30 करोड़ रुपये नकद देने का लालच दिया गया था. इसके लिए उन्हें धनबाद के कुमारडूबी बुलाया गया. ठगों ने नकली नोटों से भरे फल के डिब्बे दिखाकर विश्वास में लिया और फिर VENUE और स्कॉर्पियो गाड़ियों से नकदी समेत फरार हो गए.
पुलिस जांच में सामने आया कि यह एक संगठित गिरोह है, जो फर्जी कंपनियों के नाम पर कई बैंकों में खाता खोलकर ऐसी धोखाधड़ी करता है. गिरोह के मुख्य आरोपी सुदर्शन कुमार उर्फ बंटी सिंह, रितिक सिंह, विक्की खान, नरेश मंडल और अमित साव हैं. ये झारखंड और बंगाल के कई हिस्सों में सक्रिय हैं. पुलिस ने बोकारो, जामताड़ा, धनबाद और देवघर जिलों में विशेष छापेमारी अभियान चलाया. अब तक 34 लाख 50 हजार रुपये नकद, कई गाड़ियां जब्त की गई हैं. पुलिस ने दो आरोपी नरेश मंडल और अमित साव को गिरफ्तार कर लिया है. एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि यह गिरोह पहले भी 38 लाख और 15 लाख की इसी तरह की ठगी कर चुका है. अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है.

