बोकारो: जिले के गोमिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बिरहोरडेरा के जंगली इलाके में बुधवार सुबह पुलिस और भाकपा माओवादी संगठन के नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई. यह मुठभेड़ उस समय शुरू हुई जब सुरक्षाबलों को इलाके में नक्सलियों के छिपे होने की खुफिया सूचना मिली थी.

सुबह करीब छह बजे सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस और नक्सलियों का आमना- सामना हो गया, जिसके बाद दोनों ओर से भीषण गोलीबारी शुरू हो गई. मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों द्वारा प्रारंभिक तलाशी अभियान में एक नक्सली का शव बरामद किया गया है. मारा गया नक्सली वर्दी में था और उसकी पहचान कुंवर मांझी के रूप में हुई है. घटनास्थल से एक एके- 47 राइफल भी बरामद की गई है.
इस मुठभेड़ में कोबरा- 209 बटालियन का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे तत्काल इलाज के लिए निकाला गया. हालांकि, हॉस्पिटल पहुंचने से पहले ही जवान ने दम तोड़ दिया और शहीद हो गए. फिलहाल इलाके में नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन जारी है और अन्य संभावित नक्सलियों की तलाश की जा रही है.

