बोकारो: जिले के हरला थाना क्षेत्र अंतर्गत जोशी कॉलोनी में एक बुजुर्ग दंपति की धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई है. मृतकों की पहचान महादेव साव और उनकी पत्नी कौशल्या देवी के रूप में हुई है. दोनों मूल रूप से गोमिया के रहने वाले थे और हरला थाना क्षेत्र के जोशी कॉलोनी में पकौड़ी और चाय की दुकान चलाकर अपना जीवन यापन कर रहे थे.

घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है, जब अज्ञात हत्यारों ने दुकान- सह- निवास स्थल पर पहुंचकर दोनों की जघन्य हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए. सुबह जब आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिली तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.
सूचना मिलने के बाद हरला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की. साथ ही फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है. जिस तरीके से गला रेतकर हत्या की गई है, उसने पुलिस को भी हैरत में डाल दिया है.
फिलहाल हत्या की वजह और इसमें शामिल आरोपियों की पहचान एक अबूझ पहेली बनी हुई है. पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है. इस मामले को लेकर सिटी डीएसपी बोकारो आलोक रंजन ने बताया कि पुलिस टीम हर बिंदु पर गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
