बोकारो: जिले के हरला थाना क्षेत्र के सेक्टर- 8 निवासी जयंत सिंह के अपहरण और हत्या के मामले में पुलिस जांच के दौरान सनसनीखेज खुलासा हुआ है. इस जघन्य हत्याकांड में जयंत का करीबी और भरोसेमंद परिचित वरुण कुमार उर्फ वरुण पासवान ही उसे मौत के मुंह तक ले गया.

पुलिस के अनुसार, वरुण ने साजिश के तहत जयंत को घर से बाहर बुलाया, उसे शराब पिलाई और जब वह पूरी तरह नशे में हो गया, तो सड़क किनारे खड़े मास्टरमाइंड बिनोद कुमार उर्फ बिनोद खोपड़ी के सामने लाकर छोड़ दिया. इसके बाद सभी आरोपियों ने डंडे से बेरहमी से पीट- पीटकर जयंत की हत्या कर दी. हत्या के बाद शव को गिरिडीह जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत जिलेबिया घाटी में फेंक दिया गया.
हत्या के बाद खुद को बचाने के लिए वरुण ने बेहद शातिर चाल चली. वह मृतक की पत्नी अमृता सिंह के साथ थाने पहुंचा और अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करवाई. इतना ही नहीं, तीन दिन बाद वह अमृता सिंह को लेकर एसपी कार्यालय भी पहुंचा, ताकि किसी को उस पर शक न हो.
11 दिसंबर 2025 को प्राथमिकी दर्ज होने के बाद एसपी बोकारो के निर्देश पर नगर डीएसपी आलोक रंजन के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया. एसआईटी ने तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे कांड का खुलासा किया.
पुलिस ने इस मामले में मास्टरमाइंड बिनोद खोपड़ी समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से एक ऑल्टो कार, दो मोबाइल फोन और चार लाठियां बरामद की गई हैं. अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. यह जानकारी एसपी बोकारो हरविंदर सिंह ने दी.



भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
