बोकारो: जिले के बालीडीह इंडस्ट्रियल एरिया में बड़ा हादसा हुआ है. जहां बालीडीह स्थित शिवपुरिया इस्पात उद्योग में अचानक जोरदार विस्फोट हुआ, जिसमें चार मजदूर बुरी तरह झुलस गए. इनमें से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है. सभी घायलों को बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट धमन भट्टी में हुआ, जिसकी चपेट में आने से मजदूर झुलस गए. घटना की वजह सुरक्षा कारणों में हुई चूक मानी जा रही है. इस घटना के बाद मौके पर कई अधिकारी और नेता पहुंचे. कंपनी के गेट को लॉक कर दिया गया है और अंदर जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस तरह के हादसे पहले भी होते रहे हैं, लेकिन प्रशासन ने कोई संज्ञान नहीं लिया. बोकारो इंडस्ट्रियल एरिया में इससे पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं. अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही जा रही है. घायलों के इलाज के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं.

