बोकारो/ Shubham Mishra जिले के चास थाना क्षेत्र के राणा प्रताप नगर में बाउंड्री वॉल निर्माण को लेकर चाचा और भतीजे के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हथियार लहराने तक पहुंच गया.


जानकारी के अनुसार पहले यहां 10 इंच की पुरानी दीवार बनी हुई थी, जिसे तोड़कर दोनों पक्ष आपसी सहमति से 5- 5 इंच की अलग- अलग दीवार बनाने पर सहमत हुए थे, ताकि भविष्य में कोई विवाद न हो. निर्माण कार्य के लिए राजमिस्त्री भी बुलाया गया था.
इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई. सूरज राणा ने आरोप लगाया कि उनके चाचा दिनेश राणा और उनके बेटे आशुतोष राणा मौके पर पहुंचे और काम रुकवा दिया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया. आरोप है कि इसी दौरान आशुतोष राणा बुलेट मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचा और अपने पास रखा रिवॉल्वर निकाल लिया. हालांकि वहां लगे सीसीटीवी कैमरे की नजर पड़ते ही वह हथियार लहराते हुए आगे नहीं बढ़ा और वापस अंदर चला गया. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई.
घटना की सूचना मिलते ही चास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया. एहतियात के तौर पर दोनों पक्षों से एक- एक व्यक्ति को थाने ले जाया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है. यदि किसी के द्वारा हथियार के दुरुपयोग की पुष्टि होती है तो विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बना रहा, लेकिन पुलिस की तत्परता से स्थिति सामान्य हो गई.

