बोकारो: सीसीएल ढोरी क्षेत्र में एएडीओसीएम परियोजना में पंप ऑपरेटर के रूप में काम कर रहे आउटसोर्सिंग कर्मचारी हिमांशु राज की ओबी (ओवरबर्डन) गिरने से गुरुवार को दर्दनाक मौत हो गई.

स्थानीय लोगों के अनुसार घटना के समय हिमांशु खदान के नीचे काम कर रहा था, तभी ऊपर से ओबी का बड़ा पत्थर गिर गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
घायल को तुरंत बोकारो स्थित अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद श्रमिक नेताओं ने कहा कि सीसीएल प्रबंधन सुरक्षा सप्ताह के नाम पर केवल औपचारिकता पूरी करता है, लेकिन असल में सुरक्षा नियमों की अवहेलना की जा रही है. उन्होंने यह भी कहा कि एक सप्ताह पहले सुरक्षा सप्ताह मनाया गया था, लेकिन वास्तविक सुरक्षा उपायों के बजाय केवल खानपान व्यवस्था पर ध्यान दिया गया.
स्थानीय समुदाय और श्रमिक संगठन प्रबंधन से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं और मजदूरों की जान को खतरे में डालने वाले ऐसे हादसों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की अपील कर रहे हैं.

