बोकारो: बोकारो जनरल अस्पताल (BGH) में मंगलवार को बड़ी दुर्घटना टल गई, जब अस्पताल के कैजुअल्टी में चेंजिंग रूम में लगे एसी में अचानक आग लग गई. घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा- तफरी मच गई.

जानकारी के अनुसार आग लगते ही अस्पताल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए फायर एक्सटिंग्विशर से आग पर काबू पा लिया. आग लगने के दौरान पूरे कैजुअल्टी परिसर में धुआं भर गया, जिससे मरीजों और तीमारदारों में भगदड़ की स्थिति बन गई. हालात को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने कैजुअल्टी को खाली कराते हुए मरीजों को पुराने कैजुअल्टी में शिफ्ट कर दिया. अस्पताल के सीएमओ विभूति करुणामई ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. घटना की सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं और एहतियातन कैजुअल्टी के बाहर तैनात रही.
कैजुअल्टी इंचार्ज डॉक्टर अवध किशोर ने बताया कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई. घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है. सभी मरीज सुरक्षित हैं और उन्हें पुराने कैजुअल्टी में शिफ्ट कर दिया गया है.
गौरतलब है कि बोकारो जनरल अस्पताल जिले का सबसे बड़ा अस्पताल है, जिसे बोकारो की लाइफलाइन कहा जाता है. यहां आसपास के जिलों से भी हजारों मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं.

