रांची: भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को संगठन पर्व के अंतिम चरण के तहत प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के चुनाव को लेकर दिनभर गहमागहमी का माहौल रहा. केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर रांची पहुंचे केंद्रीय मंत्री और प्रदेश चुनाव अधिकारी जुएल उरांव ने नामांकन प्रक्रिया पूरी कराई.

पूर्वाह्न 11 बजे प्रदेश कार्यालय पहुंचे जुएल उरांव ने प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश चुनाव अधिकारी डॉ प्रदीप वर्मा, सह चुनाव अधिकारी गणेश मिश्र और सुनीता सिंह से बातचीत के बाद निर्धारित समय के अनुसार दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक नामांकन कक्ष में बैठकर नामांकन पत्र प्राप्त किए.

नामांकन अवधि समाप्त होने के बाद मीडिया से बातचीत में जुएल उरांव ने बताया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए एक नामांकन पत्र और राष्ट्रीय परिषद सदस्य के लिए कुल 21 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं.
उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने नामांकन दाखिल किया है. उनके नामांकन के प्रस्तावक के रूप में प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, सांसद विद्युत वरण महतो, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, विकास प्रीतम, बालमुकुंद सहाय, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, प्रवक्ता रमाकांत महतो और महिला मोर्चा अध्यक्ष आरती सिंह शामिल हैं. प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और सांसद विद्युत वरण महतो नामांकन पत्र के प्रेजेंटर प्रस्तुतकर्ता बने.
जुएल उरांव ने यह भी बताया कि राष्ट्रीय परिषद सदस्य के लिए जिन 21 नेताओं ने नामांकन किया है, उनमें कड़िया मुंडा, अर्जुन मुंडा, समीर उरांव, यदुनाथ पांडेय, चंपई सोरेन, संजय सेठ, रघुवर दास, दिनेशानंद गोस्वामी, मधु कोड़ा, पशुपति नाथ सिंह, रविंद्र कुमार राय, अमर कुमार बाउरी, नीलकंठ सिंह मुंडा, भानु प्रताप शाही, जीतूचरण राम, अभयकांत प्रसाद, प्रदीप वर्मा, अनंत ओझा, दीपक प्रकाश और गीता कोड़ा शामिल हैं. उन्होंने कहा कि 14 जनवरी को अपराह्न 2 बजे हरमू रोड स्थित कार्निवाल बैंक्वेट हॉल में प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के नामों की विधिवत घोषणा की जाएगी.

