वैशाली/ Arzoo Bakhsh बिहार के वैशाली जिले से बड़ी खबर सामने आई है. जहां महुआ थाना क्षेत्र के मधौल गांव में आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया. पुलिस गश्ती वाहन को घेरकर जमकर तोड़फोड़ और पथराव किया गया. इस दौरान वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

घटना उस वक्त हुई जब पुलिस टीम सड़क जाम हटाने पहुंची थी. बताया जा रहा है कि इस दौरान पुलिस की लाठी से एक युवक घायल हो गया. इसके बाद भीड़ उग्र हो गई और महुआ- मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया.

सूचना मिलने पर महुआ थाने की पुलिस दोबारा मौके पर पहुंची. इसी दौरान भीड़ ने अचानक पथराव शुरू कर दिया. गनीमत रही कि किसी पुलिसकर्मी को गंभीर चोट नहीं आई.

मौके पर पहुंचे महुआ एसडीपीओ संजीव कुमार और थानाध्यक्ष ने बल प्रयोग करते हुए भीड़ को खदेड़ा. तब जाकर स्थिति नियंत्रित हुई. स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस ने एक टोटो (ऑटो) चालक की पिटाई कर दी थी. इसी को लेकर लोग गुस्से में थे. फिलहाल घटनास्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है. उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.

