सुपौल/ Arzoo Bakhsh जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर अपराधियों ने दिनदहाड़े सरपंच पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी. मुरली पंचायत के वर्तमान सरपंच के 45 वर्षीय पुत्र श्रीराम यादव को लालगंज चौक पर अज्ञात बदमाशों ने सिर में गोली मार दी और फरार हो गए. गंभीर रूप से घायल श्रीराम को निजी अस्पताल से हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, श्रीराम यादव रोजाना की तरह चौक पर मौजूद थे, तभी बाइक सवार हमलावर पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. एक गोली सीधे उनके सिर में लगी, जिससे वे मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े. वारदात के बाद हमलावर बाइक से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग उन्हें निजी अस्पताल ले गए. वहीं, पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई. थानाध्यक्ष संजय दास ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मुरली गांव के मनीष यादव का नाम सामने आया है, जिस पर गोली चलाने का आरोप है. पुलिस इस घटना को आपसी विवाद या पुरानी रंजिश से जुड़ा मानकर जांच कर रही है. मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेज दिया गया है. परिजनों की ओर से अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है. आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

