चांडिल: हुमीद स्थित बिहार स्पंज कंपनी के गेस्ट हाउस परिसर में मंगलवार को कंपनी के सुचारु संचालन को लेकर विधायक सविता महतो की पहल पर त्रिपक्षीय बैठक आयोजित की गई. बैठक में पंच ग्राम प्रभावित विस्थापित समिति के अध्यक्ष, सचिव और सदस्यगण के साथ कंपनी प्रबंधन के प्रतिनिधि शामिल हुए.

विस्थापित समिति की ओर से विधायक को अवगत कराया गया था कि कंपनी का परिचालन नियमित रूप से नहीं हो रहा है और बंद होने जैसी स्थिति उत्पन्न हो रही है. मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक सविता महतो ने बिहार स्पंज के प्रतिनिधि आरके शर्मा, वनराज स्टील के जीएम तथा अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर आपसी समन्वय बनाते हुए कंपनी को सुचारु रूप से चलाने पर जोर दिया. विधायक ने कहा कि वर्ष 2013 में कंपनी बंद होने से क्षेत्र में बेरोजगारी और आर्थिक संकट की स्थिति बनी थी. ऐसी परिस्थिति दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी पक्षों को मिलकर समाधान निकालना होगा. उन्होंने आश्वासन दिया कि कंपनी के संचालन के लिए जो भी आवश्यक होगा, उसे पूरा करने का प्रयास किया जाएगा. जरूरत पड़ने पर राज्य के मुख्यमंत्री से भी वार्ता की जाएगी.

उन्होंने स्पष्ट कहा कि कंपनी किसी भी हाल में बंद नहीं होनी चाहिए और स्थानीय विस्थापितों को रोजगार मिलता रहे, यह प्राथमिकता है. बैठक में झामुमो केंद्रीय सदस्य चारु चांद किस्कू, गुरु चरण किस्कू, ओम प्रकाश लायेक, काबलू महतो, बिजली मांझियांन, लक्ष्मीकांत महतो, अरुण टुडू सहित पंच ग्राम विस्थापित समिति के अध्यक्ष जगन्नाथ मांझी, सचिव आशुतोष बेसरा, मदन प्रसाद, गिरी महतो और अन्य ग्रामीण मौजूद रहे.

