सिवान: जिले के महाराजगंज अनुमंडल क्षेत्र में सरस्वती पूजा विसर्जन के दौरान डीजे, साउंड सिस्टम और आर्केस्ट्रा बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है. प्रशासन ने साफ शब्दों में कहा है कि यदि विसर्जन जुलूस के दौरान कहीं भी डीजे या आर्केस्ट्रा बजते पाए गए तो संबंधित लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

एसडीपीओ अमन ने कहा कि सरस्वती पूजा आस्था और विद्या का पर्व है, लेकिन विसर्जन के दौरान डीजे और आर्केस्ट्रा का प्रयोग एक समाज के लिए गलत संदेश देता है. इसका सीधा नकारात्मक असर बच्चों, छात्राओं और पढ़ने वाले युवाओं पर पड़ता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार कभी भी ऐसे आयोजनों के लिए अनुमति नहीं देती, इसलिए यह कानून का खुला उल्लंघन है.
एसडीपीओ ने चिंता जताई कि विसर्जन जुलूस में कुछ युवक कमर या जेब में चाकू लेकर चलते हैं, जिससे गंभीर घटना होने की आशंका बनी रहती है. उन्होंने कहा कि ऐसे तत्वों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. इस बार नियम तोड़ने वालों को सीधे जेल भेजा जाएगा.
प्रशासन ने लोगों को याद दिलाया कि पिछले वर्ष खवासपुर में विसर्जन के दौरान आपसी मारपीट की घटना में 20 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी. इस अनुभव को देखते हुए इस बार प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है.
एसडीएम अनीता सिंहा और डीएसपी अमन ने संयुक्त रूप से लोगों से अपील की कि वे प्रशासन का पूरा सहयोग करें, किसी भी असामाजिक तत्व की सूचना तुरंत पुलिस को दें और सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराएं. बैठक का उद्देश्य सभी समुदायों के बीच भाईचारा बनाए रखते हुए पर्व को सुरक्षित ढंग से संपन्न कराना बताया गया.

