शेखपुरा/ Arzoo Bakhsh जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है. जहां 3 अगस्त को ग्रामीण चिकित्सक के अपहरण की असफल कोशिश के मामले में पुलिस ने दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इस कार्रवाई को गंभीरता से लिया और त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को पकड़ा. गिरफ्तार आरोपियों में एक वाहन चालक और एक लाइनर शामिल है.

इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी एसडीपीओ डॉ राकेश कुमार ने प्रेस वार्ता में दी. उन्होंने बताया कि 3 अगस्त की सुबह माहुली थाना क्षेत्र के गोहदा गांव निवासी ग्रामीण चिकित्सक मनोज कुमार का अज्ञात अपराधियों ने अपहरण कर लिया था. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. इसके बाद पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी. पुलिस की तत्परता और सख्ती देखकर अपराधी गाड़ी छोड़कर फरार हो गए. इसके बाद पुलिस ने डॉक्टर मनोज कुमार को सकुशल बरामद कर लिया. एसडीपीओ ने बताया कि इस मामले को चुनौती के रूप में लेते हुए जांच टीम का गठन किया गया. त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया. प्रथम दृष्टया यह मामला एक महिला मरीज की इलाज के दौरान हुई मौत से जुड़ा प्रतीत होता है. एसडीपीओ ने कहा कि उस महिला की मौत के बाद परिजन आक्रोशित थे. इसी गुस्से में इस घटना को अंजाम दिया गया. हालांकि पुलिस अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है. पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है. जल्द ही अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी भी संभव है.

