शेखपुरा/ Arzoo Bakhsh जिले का 32वां स्थापना दिवस गुरुवार को भव्य तरीके से मनाया गया. इस मौके पर जिला समाहरणालय के खेल मैदान में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक विजय सम्राट, डीएम आरिफ अहसन, एसपी बलिराम कुमार चौधरी और जिला परिषद अध्यक्षा निर्मला सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.

स्थापना दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए. इन स्टॉलों के माध्यम से आम लोगों को सरकार की योजनाओं की जानकारी दी गई. कार्यक्रम के दौरान “आकांक्षी हाट” का भी शुभारंभ अतिथियों द्वारा फीता काटकर किया गया. इसमें स्थानीय स्तर पर बेरोजगार युवक- युवतियों द्वारा शुरू किए गए रोजगार के कार्यों को प्रस्तुत किया गया. यह दिखाया गया कि कैसे युवा खुद का रोजगार शुरू कर दूसरों को भी रोजगार दे रहे हैं. इस अवसर पर एसपी बलिराम कुमार चौधरी ने जिलेवासियों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं के साथ- साथ पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था भी बेहद अहम है. राज्य मुख्यालय द्वारा जिले में सुरक्षा को लेकर लगातार काम किया जा रहा है. इसके तहत कई ओपी को थाना में बदला गया है और पुलिस बल की संख्या भी बढ़ाई गई है.
डीएम आरिफ अहसन ने भी स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिला प्रशासन जनता के सहयोग से ही जिले का समग्र विकास कर सकता है. उन्होंने लोगों से सहयोग और सुझाव देने की अपील की. गौरतलब है कि 31 जुलाई 1994 को शेखपुरा अनुमंडल को जिला का दर्जा प्राप्त हुआ था. इस ऐतिहासिक फैसले को तत्कालीन मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने स्वीकृति दी थी.

