सारण/ Arzoo Bakhsh जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र में शनिवार को बड़ा हादसा हुआ जहां तीन स्कूली छात्र- छात्राएं चचरी पुल पार करने के क्रम में डूब गए और उनकी मौत हो गई. मृतकों में दो भाई- बहन भी शामिल हैं. घटना के बाद पूरे इलाके में कोहराम मचा हुआ है. वहीं ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है.

जानकारी के अनुसार, लगनपुरा और यादवपुर गांव के बीच मही नदी पर पुल निर्माण कार्य में देरी के कारण लोग अस्थायी चचरी पुल का सहारा ले रहे थे. शनिवार को विद्यालय से लौटने के बाद तीनों छात्र- छात्राएं लगनपुरा से चॉकलेट खरीदने पुल पार कर रहे थे. इसी दौरान चचरी पुल से फिसलकर पानी भरे गड्ढे में गिर गए और एक- दूसरे को बचाने के प्रयास में तीनों की डूबकर मौत हो गई.
मृतकों की पहचान लगनपुरा गांव निवासी मंसूर अली की पुत्री 13 वर्षीय शगुप्ता खातून, 12 वर्षीय नूर आलम तथा नसीम अंसारी की पुत्री 13 वर्षीय शायरा बानो के रूप में हुई है. परिवार वालों ने उन्हें तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके.
ग्रामीणों का कहना है कि पुल निर्माण कंपनी द्वारा गड्ढा खोदे जाने और उसमें पानी भर जाने के कारण ग्रामीण मजबूरी में चचरी पुल का इस्तेमाल करते हैं. घटना के बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. भेल्दी थाना प्रभारी हरेराम कुमार ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

