सारण/ आरजू बख्श: नशा मुक्त सारण अभियान के तहत सारण पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. जहां पुलिस ने छापेमारी कर 129 किलोग्राम गांजा, लगभग 65 लाख रुपये मूल्य के नशे का सामान, 89520 रुपये नगद, 199.300 ग्राम सोने के आभूषण, 643 ग्राम चांदी, दो हीरे की अंगूठी, जमीन के कागजात और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं.

एसएसपी डॉ. कुमार आशीष ने बताया कि रिविलगंज थाना क्षेत्र के गोदना मठिया गांव निवासी रामेंद्र उर्फ रविंद्र गिरी और धर्मेंद्र गिरी के घर एवं दुकान पर छापा मारा गया. दुकान से गांजा बरामद होते ही रविंद्र गिरी को गिरफ्तार कर लिया गया. इसके बाद घर के पीछे बने शौचालय के पास से स्टील ड्रम और प्लास्टिक बोरे में भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ. धर्मेंद्र गिरी को भी मौके से गिरफ्तार किया गया.
पूछताछ में दोनों भाइयों ने गांजा तस्करी की बात स्वीकार की. उनकी निशानदेही पर जमीन के कागजात, सोना-हीरा-चांदी और नकद बरामद किए गए. जांच के दौरान पता चला कि नशे के कारोबार से उन्होंने अकूत संपत्ति अर्जित की है. पुलिस ने इस मामले में सिवान जिले के चैनपुर से निक्की प्रसाद और रविंद्र प्रसाद उर्फ मुखिया को भी गिरफ्तार किया है. सभी के खिलाफ रिविलगंज थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है. एसएसपी ने बताया कि जब्त की गई सारी संपत्ति को सीज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. मामले का स्पीडी ट्रायल कर आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा. इस अभियान में एएसपी सदर राम पुकार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम ने कार्रवाई की. टीम में सदर डीएसपी, ट्रैफिक डीएसपी, अंचल पुलिस निरीक्षक, रिविलगंज थाना प्रभारी, जिला सूचना इकाई एवं बाइक गश्ती दल के सदस्य शामिल थे.

