छपरा/ Arzoo Bakhsh सारण पुलिस ने ऑपरेशन “नया सवेरा” के तहत एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है. वरीय पुलिस अधीक्षक सारण के निर्देश पर महिला थाना की टीम ने सहाजितपुर और बनियापुर थाना क्षेत्र स्थित आर्केस्ट्रा ठिकानों पर छापेमारी की. इस दौरान 9 नाबालिग लड़कियों को जबरन नृत्य कराने से मुक्त कराया गया.

मुक्त कराई गई लड़कियों में पश्चिम बंगाल की 4, उत्तर प्रदेश की 1, बिहार की 2 और नेपाल की 2 लड़कियां शामिल हैं. पुलिस ने मौके से दो महिला आर्केस्ट्रा संचालिकाओं और उनके एक सहयोगी को गिरफ्तार किया है. इस मामले में महिला थाना में कांड संख्या 68/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और आगे की कार्रवाई जारी है.
एसएसपी सारण के अनुसार, मई 2024 से अब तक “ऑपरेशन नया सवेरा” के तहत जिले में कुल 203 लड़कियों को अनैतिक देह व्यापार से मुक्त कराया गया है. इस दौरान 25 प्राथमिकी दर्ज की गईं और 72 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है. शेष आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है. गिरफ्तार अभियुक्तों में सहाजितपुर निवासी रौशन कुमार कर्ण, पिता-दिनेश लाल कर्ण और दो महिला संचालिकाएं शामिल हैं. छापेमारी टीम में महिला थाना अध्यक्ष, बनियापुर थाना पुलिस पदाधिकारी, मिशन मुक्ति फाउंडेशन, रेस्क्यू फाउंडेशन नई दिल्ली, नारायणी सेवा संस्थान सारण और रिस्क एंड रिलीफ फाउंडेशन पश्चिम बंगाल के सदस्य भी शामिल थे. इस संबंध में सारण एसपी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर पूरी जानकारी दी है.

