सारण/ Arzoo Bakhsh जिले के छपरा नगर थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री में संलिप्त था. नगर थाना की गश्ती दल ने संदेह के आधार पर एक युवक को रोककर पूछताछ की. उसकी पहचान इंतेखाब खान, पिता मेराजुद्दीन खान, निवासी नई बाजार, थाना भगवान बाजार, जिला सारण के रूप में हुई.

जांच के दौरान इंतेखाब के मोबाइल के व्हाट्सएप में अवैध हथियारों से संबंधित चैट और फोटो मिले. पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने पिता और एक अन्य युवक किशन जयसवाल के साथ मिलकर हथियारों का कारोबार करता है. इंतेखाब की निशानदेही पर पुलिस ने किशन जयसवाल, पिता संजय जयसवाल, निवासी कटहरी बाग, थाना नगर के घर पर छापेमारी की, जहां से दो देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और एक मिसफायर कारतूस बरामद हुआ. किशन जयसवाल ने भी कबूल किया कि यह हथियार उसे इंतेखाब और उसके पिता गुड्डू खान से मिला था, जिसे वह आगे बेचता था. इसके बाद भगवान बाजार थाना की मदद से गुड्डू खान के घर छापेमारी की गई, जहां से दो फायर किए हुए खोखे बरामद किए गए. किशन जयसवाल के घर दोबारा छापेमारी कर एक देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए. पुलिस ने कुल तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया. जिनके पास से तीन अवैध हथियार (दो देशी कट्टा और एक पिस्टल), पांच जिंदा कारतूस, दो खोखा, एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया. नगर थाना में कांड संख्या 448/25, दिनांक 30.07.25 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)A/26/35 के तहत मामला दर्ज किया गया है. गिरफ्तार अभियुक्तों में मेराजुद्दीन खान उर्फ गुड्डू खान, इंतेखाब खान और किशन जयसवाल शामिल हैं. इस कार्रवाई में नगर थाना, भगवान बाजार थाना और जिला आसूचना इकाई, सारण की पुलिस टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है.

