समस्तीपुर/ Arzoo Bakhsh जिले में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है. देर रात अज्ञात हथियारबंद अपराधियों ने राजद के पूर्व जिला अध्यक्ष अमरेश राय के घर पर चढ़कर ताबड़तोड़ फायरिंग की. पूरी घटना मोहिउद्दीन नगर थाना क्षेत्र के भदैया पंचायत स्थित रमैया गांव की है. घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जिसमें 10 से 12 की संख्या में अपराधी घर पर चढ़कर गोलीबारी करते हुए दिखाई दे रहे हैं.

इस संबंध में राजद नेता अमरेश राय ने बताया कि 20 से 25 अपराधी उन्हें जान से मारने के इरादे से घर पहुंचे थे. उन्होंने कहा कि अधिकांश अपराधियों को वह पहचानते हैं और उनमें से कई गांव के ही हैं, जो पहले भी जेल जा चुके हैं. अमरेश राय ने यह भी आरोप लगाया कि 1988 में उनके पिता की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. बीती रात की घटना में अपराधियों ने उनके घर पर फायरिंग करने के साथ-साथ गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया.
घटना की सूचना पर मोहिउद्दीन नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी हुई है.

