समस्तीपुर: जिले के दलसिंहसराय अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत अजनौल गांव में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब हरियाणा पुलिस और बिहार STF की संयुक्त टीम ने सनसनीखेज छापेमारी की. यह कार्रवाई भाजपा के पूर्व जिला प्रवक्ता रहे पंकज कुमार लाल के आवास पर की गई.

छापेमारी के दौरान हरियाणा STF, समस्तीपुर STF और स्थानीय थाना पुलिस की टीम गांव में डेरा डाले रही, जिससे पूरे इलाके में दहशत और कौतूहल का माहौल बन गया.
पुलिस टीम ने पंकज लाल के घर की गहन तलाशी ली और आसपास के इलाके की घेराबंदी कर जांच की. ग्रामीणों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान किसी को भी घर के आसपास जाने की अनुमति नहीं दी गई.
सूत्रों के मुताबिक, यह छापेमारी हरियाणा में जाली नोट के जरिए रुपये डबलिंग के नाम पर ठगी और उसके बाद लूट की एक गंभीर आपराधिक घटना से जुड़ी जांच के तहत की गई है. प्राथमिकी के अनुसार, एक व्यक्ति से 2 लाख रुपये लेकर उसे 4 लाख रुपये देने का झांसा दिया गया था. रुपये के लेन-देन के बाद रास्ते में लूट की वारदात को अंजाम दिया गया, जिसमें पंकज कुमार लाल का नाम सामने आया है.

इसी कड़ी में हरियाणा STF ने बिहार STF के सहयोग से अजनौल गांव में यह कार्रवाई की. जांच एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों और कड़ियों की भी गहनता से जांच कर रही हैं.
बताया जाता है कि पंकज कुमार लाल पूर्व में भाजपा के जिला प्रवक्ता रह चुके हैं. वर्तमान में वे रेलवे में रेल नीर पानी की सप्लाई के कार्य से जुड़े हुए हैं. इसके अलावा विभूतिपुर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर में उनकी एक रिक्शा एजेंसी भी संचालित बताई जा रही है. करीब दो वर्ष पूर्व उन्होंने दलसिंहसराय के अजनौल गांव में जमीन खरीदकर लगभग तीन करोड़ रुपये से अधिक लागत का एक आलीशान मकान निर्माण शुरू कराया था, जिसका कार्य अब भी जारी है.
इस पूरे मामले को लेकर इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है. मामले पर पूछे जाने पर दलसिंहसराय के डीएसपी विवेक शर्मा ने छापेमारी की पुष्टि की, लेकिन जांच का हवाला देते हुए विस्तृत जानकारी देने से इनकार किया. उन्होंने कहा कि छापेमारी और जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले की आधिकारिक जानकारी दी जाएगी.

