BIHAR NEWS सहरसा जिले से एक भयावह अगलगी की घटना सामने आई है, जहां गैस सिलेंडर फटने से एक घर में अचानक भीषण आग लग गई. आग की भयावहता देखकर आसपास के लोगों में अफरा- तफरी मच गई. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते बगल के आधा दर्जन से अधिक घर इसकी चपेट में आ गए.

यह घटना पतरघट थाना क्षेत्र के जम्हरा गांव, वार्ड नंबर एक की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार मंगलवार देर शाम खाना बनाने के दौरान अचानक गैस सिलेंडर फट गया, जिससे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. इस हादसे में प्रभावित घरों का सारा सामान जलकर राख हो गया.
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास किया. वहीं सूचना मिलने के बाद अग्निशामन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.
उधर घटना की जानकारी मिलने पर अंचलाधिकारी प्रिंस प्रकाश भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि अग्निकांड में हुई क्षति का आकलन किया जा रहा है और रिपोर्ट तैयार की जा रही है. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जानमाल की क्षति नहीं हुई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह घटना रात के समय होती, तो एक बड़ी त्रासदी से इनकार नहीं किया जा सकता था और कई लोगों की जान को खतरा हो सकता था.

