सहरसा: बिहार के सहरसा जिले में अपराधियों ने एक बार फिर बेखौफ वारदात को अंजाम दिया है. शुक्रवार की सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान अज्ञात अपराधियों ने एक अधेड़ व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी. मृतक की पहचान लगभग 55 वर्षीय कैलाश चौधरी के रूप में हुई है.

घटना सौरबाजार थाना क्षेत्र के सहुरिया पश्चिमी के वार्ड नंबर 9 की बताई जा रही है. स्थानीय लोगों के अनुसार, कैलाश चौधरी रोजाना की तरह सुबह टहलने निकले थे. इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी और मौके से फरार हो गए. गोली लगने से कैलाश चौधरी की मौके पर ही मौत हो गई.
परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पूर्व जमीन की मापी हुई थी और उसी विवाद को लेकर साजिश के तहत यह घटना अंजाम दी गई है. परिजनों ने कहा कि हत्या में शामिल लोगों की पहचान की जा चुकी है और जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.
घटना की सूचना मिलते ही सौरबाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है.

