रोहतास: जिले के भानस थाना क्षेत्र से मंगलवार को दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. यहां एक युवक ने पारिवारिक विवाद के बीच पहले अपनी पत्नी को गोली मार दी, फिर बीच- बचाव करने पहुंचे अपने पिता की हत्या कर दी और अंत में खुद को भी गोली मारकर जान दे दी. इस तिहरे हत्याकांड की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग दहशत में आ गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी.
सूचना पर पहुंचे बिक्रमगंज के एसडीपीओ संकेत कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक कलह का प्रतीत हो रहा है. उन्होंने बताया कि आरोपी युवक अमित सिंह ने घर में विवाद के बाद अपनी पत्नी को गोली मार दी. जब उसके पिता शालिग्राम सिंह ने उसे रोकने की कोशिश की, तो अमित ने उन्हें भी गोली मार दी. इसके बाद उसने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली.
एसडीपीओ संकेत कुमार ने बताया कि घटना के दौरान अमित लगातार फायरिंग कर रहा था, जिससे परिवार के अन्य सदस्य जान बचाने के लिए घर में छिपते रहे. पूरे घर में अफरातफरी की स्थिति बन गई थी.
पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. हालांकि अभी तक विवाद के मूल कारणों की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है. पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक छानबीन के बाद और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के पीछे की वजह साफ हो पाएगी. फिलहाल तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया गया है. इस वीभत्स घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और दहशत का माहौल है.

