रोहतास: जिले के करगहर थाना क्षेत्र अंतर्गत नीमडीहरा गांव में पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण के बड़े कांड का खुलासा किया है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में एक घर से मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश किया गया है.

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से एक देसी दोनाली बंदूक, तीन अर्धनिर्मित बैरल, लोहे को गलाने का भट्टी उपकरण तथा हथियार बनाने में प्रयुक्त कई औजार बरामद किए हैं. इसके साथ ही करीब 10 लीटर देसी शराब भी जब्त की गई है.
पुलिस ने इस मामले में बलिराम नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो बीते कई वर्षों से अवैध रूप से देसी हथियार बनाकर बेचने का धंधा कर रहा था. जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार बलिराम पहले भी सड़क लूट, शराब तस्करी सहित कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है.
एसडीपीओ-2 सासाराम कुमार वैभव ने बताया कि आरोपी न केवल अवैध हथियार निर्माण में संलिप्त है, बल्कि अन्य गंभीर अपराधों में भी उसकी भूमिका रही है. पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि उसके नेटवर्क और हथियारों की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों का भी खुलासा किया जा सके. पुलिस का कहना है कि अवैध हथियार कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा.

