रोहतास: बिहार के रोहतास जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. शिवसागर थाना क्षेत्र के किरहिंडी गांव में मामूली विवाद के बाद 17 वर्षीय इंटरमीडिएट छात्रा गोल्डी कुमारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. बताया जा रहा है कि घटना का कारण पड़ोसी से पानी टपकने को लेकर हुआ झगड़ा था.

स्थानीय लोगों के मुताबिक, गोल्डी की बहन छत पर कपड़ा सुखा रही थी. इसी दौरान ऊपर से पानी टपक रहा था, जिसे लेकर पड़ोसियों के साथ कहासुनी हो गई. विवाद बढ़ने पर मौके पर 112 नंबर की पुलिस भी पहुंची और दोनों पक्षों को समझा- बुझाकर शांत कराया. लेकिन जैसे ही पुलिस वहां से आगे बढ़ी, विवाद फिर भड़क गया और इसी बीच फायरिंग शुरू हो गई.
फायरिंग के दौरान एक गोली गोल्डी कुमारी को जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. गोलीबारी में एक अन्य युवक भी छर्रा लगने से घायल हुआ है.
मृतका गोल्डी कुमारी इंटरमीडिएट की छात्रा थी. वारदात के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का कहना है कि पुलिस के हस्तक्षेप के बावजूद उनकी बेटी की हत्या कर दी गई, जो गंभीर लापरवाही को दर्शाता है. फिलहाल गोल्डी का शव सासाराम सदर अस्पताल में रखा गया है, जहां परिजनों और ग्रामीणों का भारी हंगामा जारी है. वहीं पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

