रोहतास: बिहार के रोहतास जिले के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत वरुणा गांव में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान अखिलेश राय के रूप में हुई है, जो वरुणा गांव का ही रहने वाला था. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और गांव में तनाव का माहौल देखा गया.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हत्या आपसी रंजिश के कारण की गई है. अपराधियों ने अखिलेश राय पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही बिक्रमगंज के एएसपी संकेत कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और छानबीन शुरू की गई.
एएसपी संकेत कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है. घटनास्थल से पांच खाली कारतूस के खोखे बरामद किए गए हैं. पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ आसपास के लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.
इस हत्या की वारदात से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों ने पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

