पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव अब पूरी तरह एक्टिव हो गए हैं. सोमवार देर रात दिल्ली से पटना पहुंचते ही उन्होंने उम्मीदवारों को टिकट देना शुरू कर दिया है. बताया जा रहा है कि राबड़ी आवास पर लगातार बैठकों का दौर जारी है और कई विधानसभा क्षेत्रों के नाम फाइनल कर दिए गए हैं.

सूत्रों के अनुसार, डॉ. संजीव को आरजेडी से टिकट दिया गया है. वहीं, बोगो सिंह को भी लालू प्रसाद यादव ने टिकट थमाया है. हथुआ से राजेश कुशवाहा को आरजेडी का उम्मीदवार घोषित किया गया है. इसके अलावा आरा के संदेश विधानसभा क्षेत्र से दीपू यादव को पार्टी ने मैदान में उतारा है.

सबसे दिलचस्प फैसला मसौढ़ी विधानसभा सीट पर लिया गया है. जिस रेखा पासवान के विरोध में कुछ दिन पहले तक राबड़ी आवास के बाहर नारे लगते थे, उन्हें लालू प्रसाद यादव ने दोबारा टिकट दे दिया है. पार्टी सूत्रों के मुताबिक, लालू प्रसाद यादव व्यक्तिगत रूप से टिकट वितरण की निगरानी कर रहे हैं और बाकी सीटों पर भी जल्द ही नामों की घोषणा की जाएगी.

