पूर्णिया: जिले में सोमवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. बड़हरा कोठी थाना क्षेत्र के बड़हरा बाजार दुर्गा मंदिर के पास 8 लोगों ने मिलकर पांच लोगों पर तेजाब से हमला कर दिया. इस हमले में तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए जबकि दो अन्य आंशिक रूप से घायल हुए हैं.

घायलों में दो भाई मृत्युंजय कुमार, हिमांशु कुमार, उनका दोस्त निलेश कुमार, एक महिला और एक बुजुर्ग शामिल हैं. गंभीर रूप से घायल तीनों को पूर्णिया जीएमसीएच में भर्ती कराया गया है जबकि अन्य दो का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है. पीड़ित मृत्युंजय कुमार ने बताया कि आरोपी राजीव सोनार की बड़हरा बाजार दुर्गा स्थान के पास ज्वेलरी दुकान है. दो दिन पहले उसने निलेश को जातिसूचक शब्द से पुकारा था जिसका निलेश ने विरोध किया था. इसी बात पर राजीव ने पहले मारपीट की थी और धमकी दी थी. रविवार को निलेश अपने दोस्तों के साथ मोबाइल बनवाने बाजार गया था. लौटते समय राजीव सोनार अपने 8 साथियों के साथ पीछा करने लगा. अचानक उसने सोने की दुकान में इस्तेमाल होने वाला तेजाब का डब्बा निकालकर तीनों पर फेंक दिया. हमला इतना अचानक था कि बगल से गुजर रही एक महिला और बुजुर्ग भी तेजाब की चपेट में आ गए.
घटना की सूचना मिलते ही बड़हरा कोठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है. थाना प्रभारी ने बताया कि जातिसूचक शब्द के अपमान से जुड़े मामले में तेजाब हमले की पुष्टि हुई है और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

