पूर्णिया: जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने पूर्णिया में संवाददाता सम्मेलन में तेजस्वी यादव और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव 5 लाख लोगों को नौकरी देने की बात कर रहे हैं. अगर सच में 5 लाख लोगों को नौकरी दी है तो उनका नाम और नंबर सार्वजनिक करें. तब समझ में आ जाएगा कि नौकरी दी भी गई है या नहीं.

उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधा और कहा कि राहुल गांधी बिहार की सभी महिलाओं को ढाई- ढाई हजार रुपये देने का वादा कर रहे हैं. लेकिन तमिलनाडु, तेलंगाना और कर्नाटक में क्यों नहीं महिलाओं को यह राशि देते हैं. अगर बिहार की सभी महिलाओं को ढाई- ढाई हजार रुपये देंगे तो यह राशि बिहार के पूरे बजट से भी ज्यादा हो जाएगी. प्रशांत किशोर ने कहा कि राहुल गांधी को इसका अंदाजा नहीं है. कम से कम पार्टी के सबसे बड़े इकोनॉमिक्स पी. चिदंबरम को बिहार भेज कर जनता को इसका खुलासा करवा दें. उन्होंने कहा कि यह लोग हवा- हवाई वादे करते हैं और जनता को दिग्भ्रमित करने का काम करते हैं. लेकिन जनता अब इनके वादों में फंसने वाली नहीं है. जनता इनकी हकीकत जान चुकी है.

