पटना: बिहार से राजनीतिक हलचल की बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है. बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले सियासी पारा अचानक बढ़ गया है. देर रात दिल्ली से तेजस्वी यादव का पटना लौटना और राजद के राज्यसभा सांसद मनोज झा का काव्यात्मक ट्वीट करना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है. मनोज झा ने लिखा, “रहिमन धागा प्रेम का, मत तोड़ो छिटकाय. टूटे से फिर न मिले, मिले गांठ परिजाय. हर अवसर के लिए प्रासंगिक… जय हिन्द.” इस ट्वीट को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है.

मनोज झा के इस ट्वीट पर कांग्रेस नेता और कवि इमरान प्रतापगढ़ी ने जवाब देते हुए लिखा, “पानी आंख में भर कर लाया जा सकता है, अब भी जलता शहर बचाया जा सकता है.” इस ट्वीट वार के बाद सियासी पंडित इसे इंडिया गठबंधन में चल रही अंदरूनी उठापटक से जोड़कर देख रहे हैं. चर्चाएं हैं कि बिहार में महागठबंधन फिर से किसी नई रणनीति पर विचार कर रहा है.
उधर एनडीए खेमे में भी सब कुछ ठीक नहीं बताया जा रहा है. सूत्रों के मुताबिक, सीट शेयरिंग पर समझौता होने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नाखुश बताए जा रहे हैं. दिल्ली से लौटने के बाद से अब तक उनके करीबी नेताओं—संजय झा और ललन सिंह—की उनसे मुलाकात नहीं हो पाई है. इसे लेकर राजनीतिक हलकों में कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं.

जानकारी यह भी मिल रही है कि नीतीश कुमार, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान को अधिक सीटें मिलने से नाराज हैं. वहीं, एनडीए के अन्य घटक दल—जैसे जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा—भी अंदरूनी तौर पर असंतुष्टि जता रहे हैं.
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बिहार की राजनीति में हर चुनाव से पहले “खेला” होना तय है, और इस बार भी वही दृश्य दोहराया जा रहा है. एक ओर एनडीए के भीतर सीट बंटवारे को लेकर तनाव है, तो दूसरी ओर इंडिया गठबंधन में भी रणनीतिक असहमति की आहट सुनाई दे रही है. तेजस्वी यादव का अचानक पटना पहुंचना और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का रहस्यमय ट्वीट यह संकेत दे रहा है कि आने वाले दिनों में बिहार की सियासत में बड़े उलटफेर देखने को मिल सकते हैं.
राजनीतिक पर्यवेक्षकों का यह भी कहना है कि बिहार में इस बार चुनावी मुकाबला केवल सीटों का नहीं बल्कि सियासी भरोसे और गठबंधन की मजबूती का इम्तिहान भी होगा. जनता की नजर अब नीतीश कुमार, तेजस्वी यादव और अन्य प्रमुख नेताओं की अगली चाल पर टिकी हुई है. आने वाले कुछ घंटों में सियासी समीकरण किस ओर करवट लेगा, यह देखने वाली बात होगी.

