कटिहार: नशे के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्कर को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है. रौतारा थाना पुलिस को यह सफलता गुप्त सूचना के आधार पर मिली, जब पुलिस ने रौतारा टोल प्लाजा के पास विशेष जांच अभियान चलाया. इसी दौरान एक संदिग्ध युवक सवारी बस से उतरकर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने फिल्मी अंदाज़ में पीछा कर उसे दबोच लिया.

गिरफ्तार युवक की पहचान अलामीन शेख के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कलियाचक का निवासी है. तलाशी के दौरान उसके पास से 1.5 किलो स्मैक बरामद हुआ, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 40 से 50 लाख रुपये बताई जा रही है.
इस संबंध में कटिहार के पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने बताया कि गुप्त सूचना के बाद सदर डीएसपी अभिजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया था. अभियान में रौतारा थाना प्रभारी लालसारबिंद और उनकी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तस्कर को गिरफ्तार किया.
एसपी शिखर चौधरी ने बताया कि बरामद स्मैक की जांच की जा रही है और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए पुलिस कई बिंदुओं पर छानबीन कर रही है. उन्होंने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा.

