सीतामढ़ी: महिला थाना में दर्ज दहेज प्रताड़ना कांड संख्या 69/25 में भ्रष्टाचार का गंभीर मामला सामने आया है. निगरानी विभाग ने 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए होमगार्ड जवान योगेन्द्र साह को रंगे हाथों गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

कार्रवाई के दौरान महिला थाना में पदस्थापित SI रचयिता भारती और PTC संगीता देवी मौके से फरार हो गई थीं. निगरानी विभाग ने दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मामले को गंभीरता से लेते हुए सीतामढ़ी एसपी अमित रंजन ने फरार SI रचयिता भारती और PTC संगीता देवी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. एसपी ने स्पष्ट कहा है कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
फरार SI और PTC की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. वहीं निगरानी विभाग द्वारा मामले की गहन जांच भी तेज कर दी गई है. इस कार्रवाई के बाद जिले में पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.

