पटना: जिले के पालीगंज अनुमंडल के दुल्हिनबाजार थाना क्षेत्र के सदावह गांव में सोमवार को उस समय अफरा- तफरी मच गई जब अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने एक युवक की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी. मृतक की पहचान विजय सिंह के पुत्र आदित्य कुमार उर्फ छोटू के रूप में हुई है.

परिजनों ने बताया कि हत्या जमीनी विवाद को लेकर की गई. मृतक के पिता विजय सिंह ने बताया कि लगभग 10 कट्ठा जमीन को लेकर गांव के ही नीतीश कुमार से वर्षों से विवाद चल रहा था. सोमवार सुबह आदित्य कुमार घर के पास सड़क किनारे खड़ा था, तभी नीतीश कुमार अपने दो साथियों के साथ पहुंचा और मारपीट करने के बाद आदित्य पर गोली चला दी. आदित्य की मौके पर ही मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलने पर दुल्हिनबाजार थाना पुलिस, पटना एफएसएल टीम और पटना पश्चिम सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे. एसपी ने बताया कि हत्या के पीछे जमीनी विवाद की बात सामने आ रही है. अपराधियों की पहचान कर ली गई है और जल्द गिरफ्तारी होगी. पुलिस ने घटनास्थल से एक बाइक भी जब्त की है जो अपराधियों की बताई जा रही है.

