पटना: फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के आदर्श नगर कॉलोनी में बीती रात दिल दहला देने वाली घटना हुई. जहां चोरों के एक गिरोह ने घर में घुसकर चोरी की कोशिश की और विरोध करने पर बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी. मृतका की पहचान शांति देवी के रूप में हुई है. उनकी हत्या तकिए से मुंह दबाकर की गई.

घटना की जानकारी सुबह तब हुई जब शांति देवी के बेटे नलिनी कांत शर्मा ने कमरे का दरवाजा खोला तो देखा कि उनकी मां मृत पड़ी हैं. नलिनी कांत ने बताया कि देर रात अज्ञात अपराधी चोरी की नियत से घर में घुसे थे. विरोध करने पर उन्होंने मां की हत्या कर दी और शरीर से गहने लूटकर फरार हो गए. सूचना मिलते ही फुलवारी शरीफ थाना पुलिस और सिटी एसपी पश्चिम भानु प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे. घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाया गया और साक्ष्य जुटाए गए. सिटी एसपी पश्चिम भानु प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है. अलमारी और अन्य सामानों से छेड़छाड़ नहीं की गई है जबकि महिला के शरीर से गहने गायब हैं. इससे साफ है कि अपराधियों का मकसद सिर्फ जेवरात लूटना था. फिलहाल पुलिस घटना के हर पहलू की जांच कर रही है. अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं.

