पटना: बिहटा थाना क्षेत्र के बाजितपुर गांव में गुरुवार की देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी है. मृतक युवक की पहचान बाजितपुर के राकेश कुमार (22) के रूप में हुई है. मिली जानकारी के मुताबिक आपसी रंजिश में कुणाल सिंह नामक युवक ने राकेश कुमार को गोली मारी है.

घटना के बाद गांव में अफरा- तफरी का माहौल हो गया. हालांकि गोली लगने के बाद घायल अवस्था में राकेश कुमार को गांव के लोगों द्वारा बिहटा के निजी अस्पताल में ले जाकर के भर्ती कराया गया. जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया. इधर मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया. वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर बिहटा थानाध्यक्ष राज कुमार पांडेय और पुलिस की टीम पहुंची. वहीं घटना की जानकारी पटना एफएसएल टीम को दिया गया. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है. वहीं मृतक के परिजनों ने आरोपी के घर पर चढ़ कर जमकर हंगामा किया और तोड़- फोड़ किया है. मृतक के परिजनों का कहना है कि आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए. मृतक के परिजनों ने बताया कि राकेश कुमार माली का काम करता था और शादी विवाह में सजाने का काम किया करता था. कल रात को भी किसी शादी समारोह से सजाकर घर वापस देर रात्रि लौट रहा था तभी गांव के मंदिर के पास कुणाल सिंह ने उसे गोली मार दी. मृतक राकेश कुमार की शादी हो चुकी है और एक बेटा है. पत्नी फिर से गर्भवती है. इधर हत्या के बाद पत्नी का रो- रो कर बुरा हाल है. घटना के बाद से आरोपी कुणाल सिंह फरार बताया जा रहा है. थाना प्रभारी राजकुमार पांडे ने बताया कि सूचना मिली कि बाजितपुर गांव में राकेश कुमार नामक युवक को कुणाल सिंह नामक युवक के द्वारा गोली मारी गई है. सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस गांव में पहुंची लेकिन पता चला कि घायल अवस्था में उसे बिहटा के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना सूचना पटना एफएसएल टीम को दिया गया है. घटना को लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है.

