मुंगेर: जिले के जमालपुर विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को चुनावी माहौल तब और गर्म हो गया जब बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खंड बिहारी में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया. मंच पर उनके साथ जदयू के वरिष्ठ नेता संजय झा और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह मौजूद थे. सभा में उमड़ी हजारों की भीड़ को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने जदयू प्रत्याशी के पक्ष में वोट की अपील की और लालू प्रसाद यादव के शासनकाल पर तीखा हमला बोला.

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि 2005 के पहले बिहार में कानून का राज नहीं था. लोग शाम होते ही घरों में बंद हो जाते थे, सड़कें टूटी थीं और बिजली सिर्फ नाम की चीज थी. उन्होंने कहा कि 2005 के बाद बिहार में कानून और विकास दोनों आया है. नीतीश कुमार ने बताया कि बीपीएस के माध्यम से 2 लाख 58 हजार शिक्षकों की बहाली की गई है और 28 हजार पुराने शिक्षकों की बहाली प्रक्रिया जारी है.
उन्होंने कहा कि अब राज्य में 5 लाख 20 हजार शिक्षक कार्यरत हैं. स्वास्थ्य क्षेत्र पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि 2006 से अस्पतालों में मुफ्त इलाज और दवा की व्यवस्था की गई है, वहीं 27 नए मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सात निश्चय योजना’ के तहत अब तक 40 लाख लोगों को रोजगार मिला है और अगले पांच सालों में 1 करोड़ युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य है.
महिलाओं के सशक्तिकरण पर उन्होंने कहा कि बिहार में पुलिस में 35 प्रतिशत और अन्य विभागों में 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है. जीविका दीदियों की संख्या अब 1 करोड़ 24 लाख हो चुकी है. वृद्धजन और दिव्यांग पेंशन बढ़ाकर 1100 रुपये कर दी गई है. उन्होंने बताया कि हर घर में बिजली पहुंचा दी गई है और अब 125 यूनिट बिजली मुफ्त दी जा रही है.
केंद्र और राज्य के सहयोग का जिक्र करते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि 2024 के बजट में बिहार को केंद्र से बड़ी राशि मिली है और 2025 में मखाना बोर्ड समेत कई नई योजनाओं की सौगात दी गई है. उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य मिलकर बिहार को तेज़ी से आगे बढ़ा रहे हैं. विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि सत्ता से हटने के बाद उन्होंने अपनी पत्नी को मुख्यमंत्री बना दिया- यह परिवारवाद की राजनीति का उदाहरण है. मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि मुंगेर जिले में 10 नई विकास योजनाएं चलाई जा रही हैं जिससे क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
