भागलपुर: बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को कहलगांव अनुमंडल के पीरपैंती थाना परिसर में एक महत्वपूर्ण अंतर्राज्यीय पुलिस बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता कहलगांव के एसडीपीओ दो पंकज कुमार ने की.

बैठक में झारखंड राज्य के साहेबगंज और गोड्डा जिलों के पुलिस पदाधिकारियों के अलावा स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल हुए. इस दौरान बिहार- झारखंड सीमावर्ती इलाकों में अपराधियों, असामाजिक तत्वों और नक्सलियों के विरुद्ध संयुक्त अभियान चलाने पर सहमति बनी. साथ ही अवैध शराब, मादक पदार्थ, अवैध हथियार और चुनावी धन के अंतर्राज्यीय संचारण पर रोक लगाने के लिए स्थापित चेकपोस्ट और मिरर चेकपोस्ट की भी समीक्षा की गई.
बैठक में साहेबगंज डीएसपी चंद्रशेखर, गोड्डा डीएसपी किशोर तिर्की, कहलगांव डीएसपी एके कल्याण आनंद, महगामा डीएसपी किशोर तिर्की, मेहरमा अंचल इंस्पेक्टर आर. मिंज, पीरपैंती अंचल इंस्पेक्टर अरुण कुमार, पीरपैंती थानाध्यक्ष नीरज कुमार और इशीपुर थानाध्यक्ष मनीष कुमार सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे.
एसडीपीओ दो पंकज कुमार ने कहा कि दोनों राज्यों की पुलिस बेहतर समन्वय के साथ कार्य करेगी और वांछित अपराधियों, वारंटियों तथा हिस्ट्रीशीटरों की जानकारी साझा कर संयुक्त कार्रवाई को अंजाम देगी. उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जो अपराधी बिहार के हैं और झारखंड में शरण ले रहे हैं, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए.
उन्होंने बताया कि कहलगांव अनुमंडल क्षेत्र में कुल आठ स्थानों पर चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं और चुनाव से 48 घंटे पहले पूरे सीमावर्ती क्षेत्र को सील कर दिया जाएगा ताकि किसी भी गैरकानूनी गतिविधि को रोका जा सके. बैठक में सभी अधिकारियों को गश्ती बढ़ाने और चौकसी बनाए रखने के निर्देश दिए गए.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
